विकास के ‘नायाब’ मॉडल को ‘साकार’ करने में जुटी नायब सरकार 

हरियाणा का मुख्यमंत्री बनने के बाद नायब सिंह सैनी लगातार प्रदेश में विकास को गति दे रहे हैं तो नई-नई योजनाओं के जरिए विभिन्न वर्गों को राहत दे रहे हैं। इसी कड़ी में अब प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्र की सभी सडक़ों का चौड़ा करने ...

Published

हरियाणा का मुख्यमंत्री बनने के बाद नायब सिंह सैनी लगातार प्रदेश में विकास को गति दे रहे हैं तो नई-नई योजनाओं के जरिए विभिन्न वर्गों को राहत दे रहे हैं। इसी कड़ी में अब प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्र की सभी सडक़ों का चौड़ा करने के अलावा गांवों में जिम बनाने, आधुनिक ग्राम सचिवालय स्थापित करने, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनाने, स्ट्रीट लाइट्स लगाने एवं पक्की गलियों व सडक़ों का निर्माण व्यापक स्तर पर करवाया जा रहा है। खास बात यह है कि हरियाणा को मॉडल राज्य बनाने के लिए नायब सैनी की सरकार नई-नई योजनाओं को लागू कर रही है और विकास के ‘नायाब’ मॉडल को ‘साकार’ करने में जुटी है।
उल्लेखनीय है कि पिछले साल 17 अक्तूबर को मुख्यमंत्री बनने के बाद नायब सैनी पुरानी परियोजनाओं को तय समय अवधि में पूरा करवाने को लेकर सक्रिय हैं तो विभिन्न वर्गों के लिए नई योजनाएं भी लागू कर रहे हैं। इस क्रम में प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्र में 12 फुट चौड़ी सडक़ों को 18 फुट तक चौड़ा किया जाएगा, ताकि ग्रामीणों का यातायात सुगम हो सके। ‘नायाब सरकार का संकल्प-प्रदेश का कायाकल्प’ के नारे के साथ मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने ऐलान किया है कि अब छोटी ढाणियों में भी नल के जरिए शुद्ध पेयजल पहुंचाया जाएगा। इसी तरह से प्रधानमंत्री ई.बस सेवा योजना के तहत 450 नई बसों का संचालन किया जाएगा। गुरुग्राम एवं फरीदाबाद जैसे महानगरों में 100-100 बसों का संचालन होगा। खास बात यह है कि नायब सिंह सैनी की सरकार की ओर से आदर्श महाग्राम योजना के तहत 10 हजार से अधिक आबादी वाले 130 गांवों को आदर्श बनाया जाएगा। इन गांवों में पक्की सडक़ें बनाई जाएंगी और स्ट्रीट लाइट्स लगाई जाएंगी। खास बात यह है कि गांवों में सी.सी.टी.वी. कैमरे लगाने के अलावा सोलर पैनल लगाने की भी योजना है। यही नहीं गांव में पार्क विकसित किए जाएंगे और फिरनियों को भी पक्का किया जाएगा। वाई.फाई. युक्त आधुनिक ग्राम सचिवालयों का निर्माण किया जाएगा। इस कड़ी में पहले से ही गांवों में सामुदायिक केंद्र बनाने के अलावा व्यायामशालाएं स्थापित करने की योजना जारी है। इसी तरह से प्रदेश के सभी गांवों में गौरव पट्टों का निर्माण करने के अलावा स्वागत द्वार भी बनाए जाने की पहल की गई है। यही नहीं भाजपा सरकार ने पिछले दस वर्षों में 30 लाख 41 हजार घरों में नल के जरिए शुद्ध जल पहुंचाए जाने की व्यवस्था की है। अब इस योजना का दायरा बढ़ाते हुए छोटी ढाणियों में भी नल के जरिए जल पहुंचाने की नीति लागू की गई है।
विकास को रफ्तार, सभी वर्गों को दे रहे हैं सौगात
दूसरी बार हरियाणा का मुख्यमंत्री बनने के बाद नायब सिंह सैनी लगातार विकास की रफ्तार को तेज किए हुए हैं तो विभिन्न वर्गों को भी उन्होंने बड़ी सौगातें दी हैं। नागरिक कल्याण के लिए पिछले साल 22 अक्तूबर से नगर निकायों में समाधान शिविर शुरू किए गए थे। इन शिविरों में अब तक 75 हजार से अधिक शिकायतों का समाधान किया गया है। नायब सिंह सैनी ने मुख्यमंत्री बनने के बाद किसानों की 24 फसलों को एम.एस.पी. पर खरीदने की भी नीति लागू की है तो खरीफ फसलों के लिए 2 हजार रुपए प्रति एकड़ की दर से बोनस के रूप में 1341 करोड़ रुपए जारी किए गए हैं। इसी तरह से मुख्यमंत्री सैनी ने युवा वर्ग को भी बड़ी राहत देते हुए बिना पर्ची-बिना खर्ची 27034 युवाओं को सरकारी नौकरियां दी हंै और 17 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। ग्रामीण क्षेत्रों में 50 करोड़ रुपए की लागत से करीब 250 इंडोर जिम खोले गए हैं। इसी तरह से पंडित दीनदयाल के अंत्योदय के सपने को साकार करने के लिए भी कदम उठाए जा रहे हैं। अनुसूचित जातियों में आरक्षण का दो वर्गों वंचित अनुसूचित जाति और अन्य अनुसूचित जाति वर्ग में वर्गीकरण किया गया है। कृषक पट्टेदारों को भूमि का मालिकाना हक देने हेतु हरियाणा ग्राम शामलात भूमि अधिनियम 1961 में संशोधन किया गया है।
खोले जाएंगे पांच खेल एक्सीलेंस सैंटर
खास बात यह है कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की पहल के बाद प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में 5 खेल एक्सीलेंस सैंटर भी बनाए जाएंगे। वर्ष 2024 के लिए हरियाणा के 1 खिलाड़ी को मेजर ध्यानचंद खेल रत्न अवार्ड, 10 खिलाडिय़ों को अर्जुन अवार्ड व एक कोच को द्रोणाचार्य अवार्ड से सम्मानित किया गया है। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत करीब 12547 सोलर सिस्टम लगाए गए हैं और 2 लाख 20 हजार सोलर सिस्टम लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। खास बात यह है कि गीता के संदेश को दुनिया भर में फैलाने व कुरुक्षेत्र को अंतरराष्ट्रीय स्तर का पर्यटन केंद्र बनाने के लिए हरियाणा अंतर्राष्ट्रीय गीता जयंती मेला प्राधिकरण का गठन किया गया है। मातृभाषा सत्याग्रहियों की मासिक पैंशन 15 हजार रुपए से बढ़ाकर 20 हजार रुपए की गई है। मुख्यमंत्री तीर्थ योजना के तहत भगवान रामलला के दर्शन के लिए अयोध्या धाम के अलावा अनेक तीर्थ स्थलों की यात्रा शुरू की गई है। पर्यावरण संरक्षण के लिए पंचकूला के पिंजौर में गिद्ध घर वापसी कार्यक्रम के तहत 25 गिद्ध छोड़े गए हैं। इसी प्रकार से आढ़तियों का कमिशन 46 रुपए से बढ़ाकर 55 रुपए प्रति क्विंटल किया गया है और आढ़तियों को लगभग 309 करोड़ रुपए की राशि जारी की गई है। इसी तरह से सभी नागरिक जिला अस्पतालों व मैडीकल कालेजों में मुफ्त डायलिसिस की सेवाएं शुरू की गई हैं और इसके शुरू होने से 20 हजार मरीज लाभान्वित हो रहे हंै। 70 साल और उससे अधिक आयु के बुजुर्गों के लिए आयुष्मान भारत चिरायु योजना के तहत 5 लाख रुपए तक के मुफ्त इलाज का प्रावधान किया गया है और इस योजना का 4116 पात्र बुजुर्ग लाभ ले रहे हैं।
संपर्क से जारी है समाधान का दौर
विशेष बात यह है कि जहां मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी विकास को गति दिए हुए हैं, नई योजनाएं लागू कर रहे हैं तो लोगों से उनका संपर्क भी जारी है और वे लोगों की समस्याओं का निरंतर समाधान कर रहे हैं। इस कड़ी में वे चंडीगढ़ आवास पर जनता दरबार लगाते हुए लोगों की समस्याओं का हल करते हैं। मंगलवार को भी उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनी और टवीट करते हुए लिखा कि ‘हर परिवारजन से सीधा संपर्क। हरियाणा के मेरे परिवारजन घर से इतनी दूर अपने इस बेटे-भाई से आस लगाकर आते हैं, तो मेरा भी परम कर्तव्य बन जाता है कि उनकी समस्या को सुनना और उसका निराकरण करना। आज संत कबीर कुटीर पहुंचे, अपने परिवारजनों से भेंट कर उनका हाल-चाल जाना। उनके द्वारा बताए गए विभिन्न विषयों को सुना और निवारण हेतु मौके पर ही अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।’ हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का कहना है कि इस बार के बजट में लोगों के जीवन को और सरल करने का कार्य किया जाएगा।  विभिन्न वर्गों से प्राप्त बेहतरीन सुझावों को आने वाले प्रदेश के बजट में शामिल किया जाएगा और प्रदेश के 2 करोड़ 80 लाख लोगों के हित का बजट प्रस्तुत किया जाएगा।

for more updates subscribe our channel

Subscribe
Follow us on

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment