हरियाणा: निकाय चुनावों में भाजपा को मिली बड़ी जीत के बाद एक साल में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी विजय नायक के रूप में उभरकर सामने आए हैं। पिछले साल 12 मार्च को पहली बार नायब सैनी ने मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी और बुधवार को मुख्यमंत्री के रूप में उनका एक साल का कार्यकाल पूरा हो गया। 10 नगर निगमों में से भाजपा ने 9 में जीत दर्ज कर इतिहास रच दिया। इससे पहले पिछले साल जून में भाजपा ने संसदीय चुनाव में 10 में से 5 सीटों पर जीत दर्ज की। इसके चार माह बाद ही अक्तूबर 2024 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में 48 सीटों पर जीत दर्ज की और लगातार तीसरी बार सरकार बनाई। अब नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में लड़े गए निकाय चुनाव में भी भाजपा ने इतिहास रच दिया है। ऐसे में अपने एक वर्ष के कार्यकाल में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विधानसभा व निकाय चुनाव में लगातार दो बड़ी जीत दर्ज करते हुए जहां प्रदेश में भाजपा का परचम लहरा दिया है तो वहीं अपनी सियासी कौशलता को भी साबित किया है।
गौरतलब है कि हरियाणा निकाय चुनाव 2025 का परिणाम बीजेपी के पक्ष में रहा है। भाजपा ने सोनीपत-अंबाला समेत 10 नगर निगमों में से 9 निगमों पर बंपर जीत दर्ज की है। विधानसभा चुनाव के बाद अब निकाय चुनाव में भाजपा की यह दूसरी बड़ी जीत है। भाजपा ने सोनीपत-अंबाला के साथ-साथ फरीदाबाद, गुरुग्राम, हिसार, करनाल, पानीपत, रोहतक और यमुनानगर नगर निगमों पर अपना कब्जा जमा लिया है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा के गढ़ रोहतक में बड़ी जीत के साथ कांग्रेस विधायक और पूर्व कुश्ती पहलवान विनेश फौगाट के जुलाना नगर पालिका में भी बीजेपी ने जीत दर्ज की है। भाजपा की जीत से कार्यकत्र्ता से लेकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी खुश हैं।
हरियाणा के स्थानीय निकाय चुनाव में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। कांग्रेस एक भी नगर निगम पर जीत हासिल नहीं कर पाई। विधानसभा चुनाव की तरह निकाय चुनाव में भी कांग्रेस के हाथ मायूसी लगी है। उल्लेखनीय है कि हरियाणा में फरीदाबाद, गुरुग्राम, मानेसर, हिसार, करनाल, पानीपत, रोहतक और यमुनानगर नगर निगमों में मेयर और सभी वार्ड सदस्यों का चुनाव हुआ था, जबकि सोनीपत और अंबाला में मेयर उपचुनाव कराया गया था। इसके अलावा 4 नगर परिषद और 21 नगर पालिकाओं का भी चुनाव हुआ था। यहां भी अधिकतर स्थानों पर भाजपा ने अपना कब्जा जमाया। गौरतलब है कि, पानीपत नगर निगम को छोडक़र बाकी सभी निकायों के लिए 2 मार्च को मतदान हुआ था। पानीपत में 9 मार्च को वोट डाले गए थे। गौरतलब है कि, पहले 10 में से 6 नगर निगमों में भाजपा का कब्जा था और 2 पर कांग्रेस और एक पर हरियाणा जन चेतना पार्टी की मेयर थीं।
फरीदाबाद में प्रवीण जोशी ने बनाया जीत का नया रिकॉर्ड
फरीदाबाद से बीजेपी की मेयर प्रत्याशी प्रवीण जोशी ने नया रिकॉर्ड बना दिया। उन्होंने 3,16,852 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की, जो कि पूरे देश के मेयर चुनावों में सबसे बड़ी जीत है। खास बात यह है कि हरियाणा के 10 नगर निगमों में से सात में महिलाएं मेयर चुनी गई हैं। केवल तीन नगर निगमों में ही पुरुष मेयर चुने गए हैं। जो महिलाएं मेयर चुनी गई हैं उनमें- गुरुग्राम की राज रानी, यमुनानगर की सुमन बहमनी, पानीपत की कोमल सैनी, फरीदाबाद की प्रवीण बत्रा जोशी, मानेसर की डॉ इंद्रजीत यादव, अंबाला की सैलजा सचदेवा और करनाल की रेणु बाला शामिल हैं। इस जीत के बाद मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने विकसित राष्ट्र का जो सपना देखा है,उसमें हमारी स्थानीय निकाय सरकार, ये ट्रिपल इंजन सरकार एक मजबूत भूमिका निभाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि, निकाय चुनाव में बीजेपी को समर्थन देकर जनता ने सरकार के कामों पर अपनी मुहर लगाई है। सरकार की नीतियों को सराहा है। जनता के इस समर्थन से हमारी नीतियों को और बल मिलेगा। अब हम 3 गुणा गति से मिलकर हरियाणा प्रदेश का विकास करेंगे।
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल व मुख्यमंत्री सैनी ने जनता का जताया आभार
निकाय चुनाव में भाजपा को मिली बड़ी जीत के बाद केंद्रीय ऊर्जा एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने फेसबुक पर लिखा कि हरियाणा का भाजपा से रिश्ता ना सिर्फ अटूट है, बल्कि उसमें लगातार और मजबूती आ रही है। प्रदेश में हुए निकाय चुनाव में भाजपा को अपना भरपूर समर्थन और आशीर्वाद देने के लिए मैं हरियाणा की जनता-जनार्दन का हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ। आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रेरणादायी मार्गदर्शन तथा हरियाणा के ऊर्जावान मुख्यमंत्री प्रिय नायब सिंह सैनी के कुशल नेतृत्व में यह सुशासन और विकास की राजनीति की एक और बड़ी जीत है। इससे हमारे कर्मठ कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों को और अधिक ऊर्जा के साथ जनता की सेवा करने का अवसर मिलेगा। मैं भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं को बधाई देता हूं, जिनके अथक परिश्रम और प्रयासों से यह शानदार विजय मिली है। इसी तरह से निकाय चुनाव में ऐतिहासिक जीत के बाद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने टवीट करते हुए लिखा कि देवतुल्य हरियाणावासियों, आप सभी के अपार समर्थन और आशीर्वाद से हरियाणा में भाजपा की ट्रिपल इंजन की सरकार बन चुकी है। यह आपके विश्वास, मेहनत और सहयोग का ही परिणाम है कि प्रदेश विकास और प्रगति की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। मैं आप सभी का हृदय से धन्यवाद करता हूं और आश्वस्त करता हूं कि हमारी सरकार माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा एवं केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में हरियाणा के हर परिवारजन की भलाई, समृद्धि और उज्जवल भविष्य के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेगी। सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास के संकल्प और हरियाणा एक-हरियाणवी एक के मंत्र के साथ हम प्रदेश को नए आयामों तक ले जाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
1 साल में दूसरी बड़ी जीत के नायक बने नायब सिंह सैनी
हरियाणा: निकाय चुनावों में भाजपा को मिली बड़ी जीत के बाद एक साल में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी विजय नायक के रूप में उभरकर सामने आए हैं। पिछले साल 12 मार्च को पहली बार नायब सैनी ने मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी ...

Published

Follow us on
नॉन स्टाप हरियाणा के नारे पर चलते हुए विकास को गति दे रहे हैं सी.एम. सैनी